करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शनी सिंह ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में टेका माथा
मीरजापुर, 10 जून (हि.स.)। करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शनी सिंह ने बुधवार को मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मां के चरणों में शीश नवाकर देश, प्रदेश और विश्व में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
विंध्याचल धाम पहुंचने पर पुराने वीआईपी मार्ग पर तीर्थ पुरोहितों ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद वे गणेश द्वार के रास्ते मंदिर के गर्भगृह पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी का दर्शन कर विशेष पूजन-अर्चन किया।
दर्शन-पूजन के उपरांत शनी सिंह ने परिक्रमा पथ प्रांगण का भ्रमण किया और विंध्य कॉरिडोर के निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कॉरिडोर की भव्यता और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देशभर के धार्मिक स्थलों पर तेजी से विकास हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास से समाज में सकारात्मक संदेश जा रहा है।
करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने मां विंध्यवासिनी से सभी नागरिकों के कल्याण और राष्ट्र की उन्नति की प्रार्थना भी की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि का वातावरण बना रहे, यही उनकी कामना है। इस अवसर पर तीर्थ पुरोहित पंडित अंकितेश मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका दर्शन-पूजन एवं अर्चन संपन्न कराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा