कंटेनर में हाइटेंशन लाइन का करंट दौड़ा, बालक की मौत, युवक झुलसा

 




फिरोजाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम शोभनपुर के पास मंगलवार देर शाम रोड पर खड़े एक कंटेनर से हाइटेंशन लाइन का तार छू गया। जिससे कंटेनर के पास खड़े बालक की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि युवक झुलस गया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के शोभनपुर गांव में मंगलवार को सड़क किनारे एक कंटेनर खड़ा था। उसके ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजर रही थी। हाइटेंशन लाइन का तार अचानक कंटेनर से छू गया। इसी दौरान कंटेनर के सहारे बालक हिमांशु (12) पुत्र दीपेंद्र निवासी नगला कोल्हू, उधम उर्फ राजा (20) पुत्र विजेन्द्र निवासी शोभनपुर खड़े थे। वह दोनों करंट की चपेट में आ गए। यह घटना देख एक महिला ने किसी तरह से युवक को बचाया लेकिन तब तक मासूम बालक बुरी तरह से झुलस गया और उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से गांव में अफरा तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल राजा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को हाइटेंशन लाइन को ऊंचा करने की मांग की थी लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। जिसके कारण घटना घटित हुई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। वहीं पुलिस आगे की कार्यवाही करने में जुटी हुई है। एसडीएम डॉ गजेन्द्र पाल सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़