कन्या जन्म उत्सव का हुआ भव्य आयोजन, डीएम ने बांटी बेबी केयर किट
फिरोजाबाद, 25 सितंबर (हि.स.)। महिला कल्याण विभाग द्वारा स्वशासी राज्य चिकित्सा महिला विद्यालय (सौ सैय्या) में शुक्रवार को कन्या जन्म उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस मौके पर जिलाधिकारी ने 40 बेबी केयर किट वितरित किए।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण, बाल सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वाधान में बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (सौ सैय्या चिकित्सालय) में कन्या जन्मोत्सव एवं बेबी किट वितरण समारोह का आयोजन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना, बालिका भ्रूण हत्या रोकना तथा कन्या सुरक्षा एवं संवर्धन से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सौ सैय्या चिकित्सालय में 40 बेबी केयर किट का वितरण किया, इसके साथ ही नवजात बालिकाओं के जन्म का उत्सव मनाते हुए केक कटिंग सेरेमनी आयोजित की गई। जिसमें नवजात शिशु एवं उनकी माता शालिनी देवी द्वारा केक काटा गया, इसके साथ ही हाल ही में जन्मी कन्याओं की माताओ को मिठाई एवं बेबी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि परिवार में कन्या का जन्म ही मुख्य उत्सव होना चाहिए, बेटियां दो परिवार को जोड़ने वाली सेतु का कार्य करती है और परिवार की विरासत को आगे बढ़ाती हैं।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी ने विस्तार से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा बिना किसी भेदभाव के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उत्थान के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक नवीन जैन उपस्थित आदि रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़