कानपुर में बारिश का कहर : कच्चा मकान ढहने से पिता समेत तीन बेटियाें की मलबे में दब कर मौत, एक बेटी अस्पताल में
कानपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच रविवार को दो मंजिला कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद पिता और उनकी चार बेटियां मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और पतारा सीएचसी पहुंचाया, जहां पिता समेत तीन बेटियों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल चौथी बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
हिरनी गांव निवासी मुकेश कुमार (45) खेती-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी बेटियां माया (17), नीतू (7), पल्लवी (5) और काजल थीं। आज उनका दो मंंजिला कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान गिरते ही अंदर मौजूद मुकेश और उनकी चारों बेटियां मलबे में दब गईं। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। मलबे में परिवार के सदस्यों के दबे होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए। सूचना पर साढ़ पुलिस और अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने करीब दो घंटे तक मलबा हटाकर सभी पांच लोगों को बाहर निकाला।
सभी को एंबुलेंस से पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मुकेश कुमार, माया, नीतू और पल्लवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं काजल को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा है और पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
मृतक मुकेश के चचेरे भाई तेज बहादुर सिंह ने साढ़ पुलिस और पतारा सीएचसी की व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मकान गिरने के बाद उन्होंने साढ़ पुलिस को लगातार फोन किया, लेकिन शुरुआत में फोन रिसीव नहीं हुआ। काफी देर बाद संपर्क हो सका। इस दौरान ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू कर मलबे से सभी को बाहर निकाला और पतारा सीएचसी पहुंचाया।
तेज बहादुर सिंह का आरोप है कि सीएचसी में समय से उपचार नहीं मिल सका। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हादसे में घायल काजल को पतारा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक काजल की शादी आगामी दिसंबर में सम्मेलन के माध्यम से होनी थी। हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल बेटी काजल का उपचार हैलट अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है और पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। मृतकों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप