कन्नौज: डीडी न्यूज पर ‘ट्रिलियन ट्रेकर’ के तहत कन्नौज के विकास पर हुई विशेष चर्चा, अधिकारियों ने साझा किया विकास का लेखा — जोखा
कन्नौज, 05 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज में तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज बाबा साहब डॉ. भीमराव रामजी मेडिकल कॉलेज में डीडी न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘ट्रिलियन ट्रेकर’ के तहत ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर जनपद कन्नौज के विकास, औद्योगिक संभावनाओं, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विशेष चर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में डीडी न्यूज की एंकर दीप्ति ने जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास से विभिन्न विषयों पर विस्तार से संवाद किया।
एंकर दीप्ति द्वारा कन्नौज के इत्र एवं एसेंशियल ऑयल्स के निर्यात की संभावनाओं पर सवाल किए जाने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि कन्नौज के लिए इत्र उद्योग केवल परंपरा और पहचान का विषय नहीं, बल्कि आर्थिक विकास, रोजगार और निर्यात वृद्धि का बड़ा माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि देश में एसेंशियल ऑयल्स का घरेलू बाजार लगभग 600 करोड़ रुपये के आसपास है, जबकि वर्ष 2024 में कन्नौज से इत्र एवं एसेंशियल ऑयल्स का निर्यात लगभग 55 से 60 करोड़ रुपये रहा। आधुनिक तकनीक, नए उत्पादों एवं बेहतर मार्केटिंग को जोड़कर इस क्षेत्र की संभावनाओं को और व्यापक बनाया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कन्नौज में लगभग 114 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है, जिससे इत्र उद्योग के साथ-साथ अन्य औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इसी क्षेत्र के जनखत गांव में ग्राम समाज की भूमि को सुरक्षित कर औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन और बेहतर कनेक्टिविटी से कन्नौज को मिलेगी नई पहचान
जिलाधिकारी ने कन्नौज के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों की पर्यटन की दृष्टि से संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कन्नौज पहले से ही बेहतर मार्गों से जुड़ा हुआ है। गंगा एक्सप्रेसवे तथा प्रस्तावित/निर्माणाधीन लिंक एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी और मजबूत होने पर आवागमन, व्यापार, पर्यटन एवं औद्योगिक गतिविधियों को व्यापक लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
साइबर अपराध से निपटने को हर थाने में हेल्प डेस्क, सी सी टी वी से निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पारंपरिक अपराधों में कमी आई है, वहीं मोबाइल एवं डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध की चुनौतियां बढ़ी हैं। इससे निपटने के लिए प्रत्येक थाने में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं और विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों एवं आमजन को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
ग्रामीण विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर सीडीओ ने साझा की उपलब्धियां
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने एंकर के सवालों का जवाब देते हुए जनपद में संचालित विभिन्न विकास एवं रोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, कृषि एवं मक्का उत्पादन, ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास, अंत्येष्टि स्थल, पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन, डिजिटल लाइब्रेरी, मधुमक्खी पालन, मुर्गी पालन, पशुपालन, मत्स्य पालन, अमृत तालाब एवं बीवी रामजी योजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की दिशा में कन्नौज की समग्र विकास यात्रा
डीडी न्यूज के विशेष कार्यक्रम में कन्नौज की विकास यात्रा के विभिन्न आयामों पर हुई चर्चा में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि इत्र की विश्व प्रसिद्ध पहचान को आधुनिक औद्योगिक विकास, बेहतर कनेक्टिविटी, रोजगार एवं कौशल विकास, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं शिक्षा, तकनीक आधारित पुलिसिंग, स्वच्छ गंगा, पर्यटन विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जोड़ते हुए जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा सहित संबंधित अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा