कन्नौज: भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में मिला युवक का शव
कन्नौज, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में सदर कोतवाली थाना अंतर्गत भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में बुधवार तड़के एक युवक का शव मिला। मृतक के पास एक बैग और राइफल भी मिली है। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने पहुंच कर साक्ष्य संकलित किए।
सदर कोतवाली की सरायमीरा चौकी से चंद कदम की दूरी पर जिला पंचायत कार्यालय के सामने आज सुबह एक दुकान की पटिया पर युवक लेटा दिखाई दिया। उसके पास बैग और कपड़े के कवर में राइफल भी रखी थी। असलाह के साथ सो रहे युवक को स्थानीय लोगों ने सुबह जगाने का प्रयास किया तो उसमें कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसकी जानकारी सरायमीरा चौकी पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए। युवक को हिला डुलाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। ये घटना रोडवेज बस स्टैंड से 50 मीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 100 मीटर दूर की है।
मृतक के पास राइफल होने पर पुलिस कर्मियों ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। कुछ देर बाद फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और साक्ष्य संकलित कर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान विपिन द्विवेदी निवासी छिबरामऊ के कटकैया मोहल्ला के रूप में हुई। बैग में दवाइयां रखीं हुईं थीं, जिससे ये अंदेशा जताया गया कि वह बीमार चल रहे थे और सफर में तबियत खराब होने के कारण कन्नौज में उनकी मौत हो गई।
सदर कोतवाल ने बताया कि कन्नौज के आटी गांव निवासी उनके रिश्तेदार (साढू) आशीष दुबे ने बताया कि विपिन द्विवेदी बिहार में जॉब (गनमैनी) करते थे। वह वहां से छिबरामऊ स्थित अपने घर वापस आ रहे थे, लेकिन मंगलवार शाम से परिजनों का उनसे कोई सम्पर्क नहीं हो सका। सुबह जब सरायमीरा में डेडबॉडी मिलने की बात पता चली तो वहां पहुंच कर देखा, तब मृतक की पहचान विपिन द्विवेदी के रूप में हो सकी। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका और शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा