मालवीय मार्केट व्यवसायिक संघ ने उठायी काशी कोतवाल काल भैरव का नाम अंकित करने की मांग

 


वाराणसी, 18 सितम्बर (हि. स.)। वाराणसी में मालवीय मार्केट व्यवसायिक संघ एवं शरणार्थी व्यापार महामंडल, काशी के अध्यक्ष अभिषेक केसरी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार से मुलाकात कर अपनी मांगाें से संबंधित ज्ञापन सौंपा। अभिषेक केसरी ने कहा कि वाराणसी में थाना कोतवाली, आराजी संख्या 1714 से संबंधित सरकारी राजस्व अभिलेखों में दर्ज “केसर-ए-हिंद, एम्परर ऑफ ब्रिटिश इंडिया” जैसे औपनिवेशिक शब्दों को नियमानुसार हटाया जाना चाहिए तथा काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप “काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव जी” का नाम अंकित किया जाना चाहिए।

अध्यक्ष अभिषेक केसरी ने जिलाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव जी काशीवासियों की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं, इसलिए संबंधित सरकारी अभिलेखों में काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि नियमानुसार आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक कार्यवाही किए जाने का अनुरोध है। 1714 में वर्तमान स्थिति में थाना कोतवाली, टाउन हॉल ग्राउंड एवं मालवीय मार्केट स्थित है। अतः इसको संज्ञान में लेते हुए 1714 आराजी नंबर को अभिलेखों में बाबा कोतवाल का नाम अंकित किया जाए। केसरी हिंद ब्रिटिश एंपरर ऑफ़ इंडिया का नाम हटाया जाए। इस दौरान नरेश, विनय अरोड़ा, ऋषि आहूजा, धीरज अरोड़ा, त्रिलोचन सिंह सहित तमाम व्यापारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद