अनाथ व बेसहारा बच्चों को स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण प्रदान करते हैं बालगृह : बेबी रानी मौर्य
फिरोजाबाद, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बृहस्पतिवार को जनपद में अनाथ और बेसहारा बच्चों के लिए 14.5 करोड़ की लागत से बनने वाले बालगृह के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि इस बालगृह का मुख्य उद्देश्य अनाथ, बेसहारा, शोषित या देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों (10-18 वर्ष) को सुरक्षित आश्रय, पौष्टिक भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएँ और स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण प्रदान करना है। ये गृह बच्चों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास के साथ-साथ समाज की मुख्यधारा में लाकर आत्मनिर्भर नागरिक बनाने के लिए समर्पित होगा।
भाजपा विधायक मनीष असीजा ने बताया कि पिछले 7–8 वर्षों के लंबे समय से चली आ रही बालगृह निर्माण की बाधा अब समाप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि बालगृह निर्माण के लिए पूर्व में दबरई पर जमीन चयनित की गई थी परंतु उस जमीन के ऊपर से 33000 केवी की विद्युत लाइन गुजरने के कारण उसके स्थान पर सैलई रोड स्थित साती ग्राम में 0.5 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया। बालगृह निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 14.5 करोड़ रुपये के सापेक्ष 5 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गयी है।
विधायक ने बताया कि 14.5 करोड़ रुपयों की लागत से प्रथम एवं द्वितीय तल पर 100 बच्चों के रहने के लिए हॉल, दोनों तल पर 20 शौचालय, 20 बाथरूम, साइकोलॉजी ऑफिस, किचन, डाइनिंग हॉल, पेशेंट रूम, काउंसलिंग रूम, क्लास रूम, मिडिएशन रूम, मल्टीपरपज हॉल, कंप्यूटर रूम एवं लाइब्रेरी का निर्माण होगा। निर्माण कार्य एक वर्ष में पूर्ण कर लिया जाएगा।
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर कामिनी राठौर, जिलाध्यक्ष उदयप्रताप, भाजपा नेता भगवानदास शंखवार, योगेंद्र बाबा, सोबरन जाटव, मोनू जाटव, रोमी सागर, राकेश गौतम, के के गांधी व अन्य कार्यकर्ता के साथ डीपीओ मिथलेश सिंह एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारीगण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़