शिवानंद चौरसिया परिवार को न्याय दिलाने की मांग हुई तेज, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी पहुंचे

 


देवरिया, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में स्वर्गीय शिवानंद चौरसिया के परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चल रहा न्याय सत्याग्रह सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए परिवार की मांगों को न्यायोचित बताया और सरकार व प्रशासन के रवैये की आलोचना की।

अजय राय ने अपने संबोधन में कहा कि शिवानंद चौरसिया के परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल सका है। जिला प्रशासन और सरकार को 10 जुलाई तक का समय देते हुए उन्हाेंने कहा कि यदि तब तक परिवार की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रदेश भर में सहायता राशि एकत्र करने का अभियान चलाया जाएगा। सत्याग्रह में शिवानंद चौरसिया के भाई रामप्रवेश चौरसिया तथा अन्य परिजन भी शामिल हुए। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा मुआवजा और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने के संबंध में सकारात्मक संकेत दिए गए थे, लेकिन बाद में इस मुद्दे पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि परिवार स्वयं को उपेक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक