श्रीराम जन्मोत्सव पर भव्य कलश यात्रा, गोमती तट से गोकुल घाट तक उमड़ी श्रद्धा
जौनपुर, 30 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर सोमवार को शहर में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। कलश यात्रा आदि गंगा गोमती तट स्थित हनुमान घाट से प्रारंभ होकर गोकुल घाट स्थित कथा स्थल पर जाकर सम्पन्न हुई।
शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, नवाब यूसुफ रोड, बड़ी मस्जिद, पुरानी बाजार और बेगमगंज चुंगी जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गोकुल घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
यह कलश यात्रा सात दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ के उपलक्ष्य में निकाली गई। गोकुल घाट पर कथा का आयोजन 30 मार्च से 5 अप्रैल तक किया जा रहा है, जिसमें प्रख्यात कथा व्यास दिलीप कृष्ण भारद्वाज जी महाराज द्वारा श्रीराम कथा का रसपान कराया जाएगा।
यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर डॉ. वंदना सरकार, विनीता गुप्ता, रजनी गुप्ता, उमा गुप्ता, शशि मौर्या, गीता चौरसिया, डॉ. सरला त्रिपाठी, डॉ. अनीता त्रिपाठी, डॉ. स्वप्निल सिंह, सलोनी निषाद, उमा निषाद, आनंद मिश्र, दिनेश गुप्ता, मनीष गुप्ता और राघवेंद्र दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन से पूरे शहर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव