जौनपुर महोत्सव में 600 से अधिक जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न , प्रभारी मंत्री ने दिया आशीर्वाद
जौनपुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मंगलवार से शुरू हुए तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव के पहले दिन शाही किला परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 600 से अधिक जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से विधिवत संपन्न कराया गया। वहीं कुछ मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी हुआ।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री ए के शर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को मंडप में पहुंचकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी उपहार स्वरूप प्रदान कीं। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की सामूहिक विवाह योजना की सराहना करते हुए कहा कि सरकार बनने के बाद से ही गरीब परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना भी प्रभावी ढंग से चलाई जा रही है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी नवदंपतियों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की ओर से शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं।---------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव