एक पेड़ माँ के नाम' अभियान लोगों को पौधों से भावनात्मक रूप से जोड़ने का माध्यम है: गिरीश चंद्र यादव

 






जौनपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत सामाजिक वानिकी प्रभाग, जौनपुर द्वारा 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत रविवार को जिलेभर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम विकासखंड करंजाकला के ग्राम काफरपुर में हुआ, जबकि सभी तहसीलों और विकासखंडों में भी बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव और विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पहले दोनों जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा अन्य अधिकारियों ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत विधिवत पूजन-अर्चन के बाद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश का संदेश दिया।

इसके बाद अतिथियों ने कृषि विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान विभाग, वन विभाग समेत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का उद्घाटन किया और योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही एनसीसी स्वयंसेवकों एवं आमजन को पौधे वितरित कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि इस वर्ष जौनपुर में 60 लाख 73 हजार 400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 1001 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण, सिंचाई, फेंसिंग और जियो-टैगिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान लोगों को पौधों से भावनात्मक रूप से जोड़ने का माध्यम है। जिस तरह हर व्यक्ति अपनी मां का सम्मान और संरक्षण करता है, उसी भावना से लगाए गए पौधे की भी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने पीपल, बरगद और फलदार पौधों के अधिकाधिक रोपण पर जोर देते हुए वन विभाग को पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंशु' ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर चल रहा यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) दिव्या ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए पौधों की नियमित देखभाल, जियो-टैगिंग और संरक्षण का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव क्षेत्राधिकारी नगर, परियोजना निदेशक, जिला सूचना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन और ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव