राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाएं अधिकारी : जिलाधिकारी

 


जौनपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में राजस्व कार्यों, आपदा प्रबंधन एवं मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों और पटलों पर संचालित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संग्रह कार्यालय, नजारत सहित विभिन्न पटलों पर लंबित ऑडिट आपत्तियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सभी लंबित ऑडिट आपत्तियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही धारा-33, धारा-34, धारा-24 एवं धारा-67 से संबंधित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।

राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान उपजिलाधिकारियों को बड़े बकायेदारों से प्रभावी ढंग से वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अमीनों के कार्यों की भी बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्हें निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अमीनों के माध्यम से राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एंटी भू-माफिया अभियान की भी समीक्षा की गई। उपजिलाधिकारियों को सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि लंबित मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ठ, नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव