शटडाउन के बाद भी 11 हजार वोल्ट लाइन में दौड़ा करंट, संविदा लाइनमैन की मौत

 




जौनपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के मछलीशहर कोतवाली थाना अंतर्गत में शनिवार को बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला हादसा सामने आया। मथुरा गांव में 11 केवी विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन धर्मेंद्र कुमार (30) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने विद्युत आपूर्ति बहाल होने की घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

धर्मेंद्र कुमार पुत्र रामआसरे, निवासी ग्राम एवं पोस्ट घघरिया, मछलीशहर, बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे वह मथुरा गांव में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन लेकर खंभे पर चढ़े थे। परिजनों का आरोप है कि शटडाउन के बावजूद लाइन में अचानक करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से धर्मेंद्र गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी, पुलिस और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। बाद में शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।धर्मेंद्र कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

परिजनों और ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता दिए जाने की मांग की है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।वहीं क्षेत्राधिकारी मछली शहर प्रतिमा वर्मा ने बताया कि शव कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है परिजनों से तहरीर मिली है अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही।मामले की छानबीन की जा रही है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव