वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन जौनपुर में 41.92 करोड़ के बिल पास, शिक्षा विभाग के 5 करोड़ रुपये वापस

 

जौनपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन मंगलवार को जौनपुर जिले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा तेजी दिखाते हुए करीब 41 करोड़ 92 लाख रुपये के बिल पास किए गए। कई विभागों के कार्यालय देर शाम तक खुले रहे, जबकि अधिकांश बैंकों ने भी लेन-देन के लिए अधिक समय तक कार्य किया। पूरे दिन आय-व्यय का लेखा-जोखा तैयार करने के साथ कोषागार से देर रात तक भुगतान की प्रक्रिया चलती रही। वहीं शिक्षा विभाग द्वारा करीब 5 करोड़ रुपये की धनराशि वापस कर दी गई।

सबसे अधिक व्यय के बिल क्षेत्रीय उच्च शिक्षा विभाग के पास किये गये, जिसने करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए गये थे। वहीं समाज कल्याण विभाग ने 2 करोड़ 51 लाख रुपये तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 2 करोड़ 31 लाख 92 हजार रुपये का उपयोग किया। नगर पंचायतों ने भी पीछे न रहते हुए 5 करोड़ 19 लाख रुपये खर्च किया।

इसके अलावा अर्थ एवं संख्या विभाग ने 1 करोड़ 61 लाख रुपये, पुलिस विभाग ने 99 लाख 16 हजार 456 रुपये तथा राजस्व विभाग ने 19 लाख रुपये का व्यय किया। जिला उद्योग कार्यालय द्वारा 7 लाख रुपये, सीएमओ कार्यालय द्वारा 7 लाख 28 हजार रुपये तथा डीआईओएस कार्यालय द्वारा 16 लाख रुपये के बिल पास हुए।

अन्य विभागों में डीपीआरओ कार्यालय ने 3 लाख 25 हजार रुपये, निर्माण खंड ने 75 लाख 92 हजार रुपये तथा कोषागार कार्यालय ने 5 हजार रुपये का भुगतान किया। वहीं राजकीय पॉलीटेक्निक द्वारा सबसे कम 1360 रुपये का खर्च दर्ज किया गया। इस संबंध में बुधवार को हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बात करते हुए वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर ने बताया कि अंतिम दिन कार्यालय देर रात तक खुला रहा और कुल मिलाकर लगभग 41 करोड़ 92 लाख रुपये का भुगतान किया गया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शिक्षा विभाग द्वारा करीब 5 करोड़ रुपये की धनराशि वापस कर दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव