स्थापना दिवस की तैयारियां तेज, भाजपा जिला कार्यालय में कार्यशाला आयोजित

 




जौनपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला कार्यालय में एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया उपस्थित रहे। कार्यशाला की शुरुआत संगठन गीत के साथ हुई, जिसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यशाला में स्थापना दिवस (6 अप्रैल) पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मुख्य अतिथि अशोक चौरसिया ने कहा कि सदस्यता के दृष्टिकोण से भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और स्थापना दिवस के अवसर पर सभी बूथों एवं मंडलों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, सेवा और समर्पण की विचारधारा है, जिसे लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और परिश्रम ने मजबूत बनाया है। वहीं जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं संयोजक अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर एमएलसी ब्रजेश सिंह प्रिंसू, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव