भाजपा जौनपुर के 2303 बूथों पर मनायेगी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती : अजीत प्रजापति

 






जौनपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर नारी अभिनंदन एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की तैयारियों को लेकर रविवार को आयोजित संगोष्ठी में जिले भर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति बनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं वंदे मातरम् गान के साथ हुई। मुख्य अतिथि सुशील उपाध्याय ने कहा कि 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली अंबेडकर जयंती भाजपा के लिए केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि ‘अंत्योदय’ के संकल्प को दोहराने का महापर्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर गांव और बस्ती तक पहुंचकर सेवा कार्य करें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा कि नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त आधार है। उन्होंने निर्देश दिया कि अंबेडकर जयंती पर प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा युवाओं के बीच बाबा साहेब के संविधान निर्माण में योगदान पर चर्चा हो।

जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने बताया कि जिले के 2303 बूथों पर अंबेडकर जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों स्थानों पर एक साथ आयोजन कर भाजपा सामाजिक समरसता का संदेश देगी। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को सशक्त करने की दिशा में कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने किया तथा अंत में जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव