यूपी संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 31 केंद्रों पर होगी,13,892 अभ्यर्थी होंगे शामिल

 

देवरिया, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 13,892 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के लिए दो अंक निर्धारित हैं, जबकि गलत उत्तर देने पर एक-तिहाई अंक की निगेटिव मार्किंग की जाएगी।

परीक्षा की सुरक्षा और निगरानी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने प्रत्येक दो परीक्षा केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र, उसकी फोटोयुक्त प्रति तथा एक वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की अपील की है, ताकि प्रवेश एवं सत्यापन प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि सभी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक