रिटायर्ड असिस्टेंट रजिस्ट्रार की मौत मामले में आरोपित कांस्टेबल हिरासत में, एसएसपी ने किया सस्पेंड

 

झांसी, 25 अप्रैल (हि.स.)। योगी सरकार की अपराधों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' नीति को अमल में लाते हुए झांसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के रिटायर्ड असिस्टेंट रजिस्ट्रार की स्कूटी को टक्कर मारने वाले मुख्य आरोपित पुलिस कांस्टेबल को हिरासत में ले लिया है। इस घटना में असिस्टेंट रजिस्ट्रार की मौत हो गई। थार में सवार अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

झांसी के एसएसपी बीबीजीटी मूर्ति ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली थी कि थाना नवाबाद के चौकी विश्वविद्यालय क्षेत्र में एक थार गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना में जख्मी हुए पूर्व असिस्टेंट रजिस्ट्रार मनीराम वर्मा को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।

एसएसपी ने बताया कि घटना के बाद थार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जांच में पता चला कि थार को कांस्टेबल रजत चला रहा था। रजत को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कांस्टेबल रजत को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक