हाईटेंशन तार से झुलसे बालक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर लगाया जाम
जौनपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में केराकत तहसील क्षेत्र में हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे 10 वर्षीय बालक के परिजनों ने शुक्रवार को मुआवजे की मांग को लेकर मनिहार मोड़ पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान घायल बालक को भी एंबुलेंस में घटनास्थल पर लाया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
केराकत थाना क्षेत्र के पूरनपुर गांव निवासी राकेश कुमार का पुत्र किशन कुमार (10) 14 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया था। घटना के बाद उसे स्थानीय अस्पताल से जिला अस्पताल और फिर बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के 15 दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें कोई आर्थिक सहायता या मुआवजा नहीं मिला। बच्चे के इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ होने के कारण ग्रामीणों के सहयोग से उसका उपचार कराया जा रहा है। किशन के पिता राजगीर मिस्त्री का कार्य करते हैं।
शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे परिजनों और ग्रामीणों ने मनिहार मोड़ पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन की ओर से मुआवजा देने का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान घायल बालक एंबुलेंस में ही मौजूद रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे और मौके पर उपजिलाधिकारी को बुलाने की मांग करते रहे। प्रदर्शनकारियों ने आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए अन्य एंबुलेंसों के आवागमन में बाधा नहीं आने दी। फिलहाल पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी परिजनों से वार्ता कर स्थिति सामान्य कराने के प्रयास में जुटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव