जौनपुर : नगर के बीच कूड़े का ढेर खोल रहा सफाई अभियान की पोल

 


जौनपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जाैनपुर के शहर क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से लगातार स्वच्छता और सफाई अभियान चलाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन नगर के बीचोंबीच लगा कूड़े का ढेर इन दावों की हकीकत बयां कर रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास जगह-जगह कूड़ा जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर के मध्य एक स्थान पर लंबे समय से कूड़े का अंबार लगा हुआ है। आसपास से गुजरने वाले लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े के ढेर पर आवारा पशुओं का जमावड़ा भी लगा रहता है, जिससे स्थिति और खराब हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से कूड़ा बढ़ता जा रहा है। बरसात के मौसम में गीला कूड़ा और जलभराव लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

नगर पालिका परिषद की ओर से समय-समय पर विशेष सफाई अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया जाता है। इसके बावजूद मुख्य शहर में ही कूड़े का ढेर नजर आना अभियान की निगरानी और जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाईकर्मियों की नियमित तैनाती और कूड़ा उठाने की व्यवस्था प्रभावी तरीके से लागू हो तो सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से कूड़े के ढेर को तत्काल हटाने और नियमित सफाई कराने की मांग की है।

स्वच्छता को लेकर देशभर में चलाए जा रहे अभियान के बीच शहर के प्रमुख स्थानों पर गंदगी का बने रहना जिम्मेदार अधिकारियों के लिए भी चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि केवल अभियान चलाने के बजाय नियमित निगरानी और समय पर कूड़ा उठान सुनिश्चित करना जरूरी है। वही इस मामले में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने बताया कि आज रविवार छुट्टी का दिन है इसलिए कूड़ा उठाने में देरी हुई है जल्दी ही सफाई कर्मचारी लगाकर नगर में कूडा साफ कराया जाएगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव