सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में चिकित्सा, निर्माण और बिजली विभाग का कामकाज ठीक नहीं दिखा
जौनपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान खराब रैंकिंग वाले विभागों के प्रदर्शन पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने अगले महीने तक प्रगति में सुधार कर ए या बी श्रेणी हासिल करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मिश्र ने अधिकारियों से पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों और विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और शासन की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही के कारण जिले की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माणाधीन परियोजनाओं का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना स्थल पर सूचना बोर्ड लगाया जाए, जिसमें स्वीकृत बजट, कार्य की वर्तमान स्थिति, निर्धारित पूर्णता तिथि और अन्य जरूरी विवरण स्पष्ट रूप से अंकित हों।
विद्युत विभाग की समीक्षा में ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली बिलों में सुधार से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि इस तरह की कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। चिकित्सा विभाग को जननी सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन में सुधार कर रैंकिंग बेहतर करने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी निर्माण में खराब प्रदर्शन पर भी नाराजगी जताते हुए डीएम ने लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र लोगों की फैमिली आईडी बनवाने को कहा।
बैठक में सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुपालन, छात्रवृत्ति, पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय से हासिल किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव