जल जीवन मिशन बैठक में फूटा प्रधानों का गुस्सा, पानी संकट से परेशान ग्रामीणों का मुद्दा उठाया
मीरजापुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के छानबे ब्लॉक मुख्यालय विजयपुर में मंगलवार को आयोजित जल जीवन मिशन की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। पेयजल संकट और अधूरी योजनाओं को लेकर प्रधानों ने जमकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि गर्मी शुरू होते ही करीब 70 फीसदी आबादी पानी के लिए परेशान है।
बैठक में बीडीओ रामपाल ने बताया कि 255 राजस्व गांवों में 42 ओवरहेड टैंकों से जलापूर्ति की जा रही है। प्रधान संघ अध्यक्ष संतोष तिवारी ने 10-10 गांवों का क्लस्टर बनाकर 48 घंटे में जलापूर्ति बहाल करने का सुझाव दिया। वहीं विजयपुर प्रधान शहीदा बानों ने सड़क तोड़कर भी पाइपलाइन अधूरी छोड़ने पर नाराजगी जताई। जल जीवन मिशन के परियोजना प्रबंधक हरिओम मिश्रा पर रिपोर्ट न देने को लेकर प्रधानों ने सवाल उठाए। कई प्रधानों ने आरोप लगाया कि ऑपरेटर आधार कार्ड जमा कराने के बाद गांवों में नहीं जाते। कुशहां गांव में 20 दिन से जलापूर्ति ठप होने की भी शिकायत सामने आई। बीडीओ रामपाल ने पहाड़ी क्षेत्रों में तत्काल व्यवस्था सुधारने और एडीओ पंचायत को कंट्रोल रूम से निगरानी के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा