विंध्याचल धाम की गरिमा का मुद्दा उठा, विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
मीरजापुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रत्नाकर मिश्र ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर विंध्याचल धाम क्षेत्र से मदिरा एवं मांस की दुकानों को एक किलोमीटर की परिधि के बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर प्रदेश ही नहीं, देश का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि मंदिर क्षेत्र के निकट संचालित मदिरा और मांस की दुकानों के कारण श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इससे क्षेत्र की धार्मिक गरिमा भी प्रभावित होती है और असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है।
उन्होंने जनभावनाओं का हवाला देते हुए कहा कि आस्था के इस प्रमुख केंद्र के आसपास का वातावरण पूर्णतः पवित्र और शांतिपूर्ण होना चाहिए। ऐसे में इन दुकानों को कम से कम एक किलोमीटर दूर स्थानांतरित किया जाना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल में दर्शन का अवसर मिल सके।
विधायक ने मुख्यमंत्री से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध करते हुए कहा कि यह निर्णय जनहित में होगा और इससे क्षेत्रवासियों व श्रद्धालुओं में सकारात्मक संदेश जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा