वाराणसी : सौ करोड़ के ऊपर की परियोजना के शुभारंभ कार्यक्रम में पार्षद ने छपवाया आमंत्रण पत्र, क्षेत्र में होती रही चर्चा

 


वाराणसी, 22 सितम्बर(हि. स.)। वाराणसी में कैंट विधानसभा के अन्तर्गत जोल्हा उत्तरी वार्ड में नगर निगम वाराणसी द्वारा 22 किलोमीटर सीवर एवं पेयजल लाइन तथा गृह संयोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए 103 करोड़ रुपये की लागत की परियोजना का शुभारम्भ हुआ। सौ करोड़ के ऊपर के परियोजना के शुभारंभ कार्यक्रम के लिए पार्षद शरद पाण्डेय के छपवाए गए आमंत्रण पत्र की पूरे क्षेत्र में चर्चा रही। आमंत्रण पत्र के माध्यम से पार्षद ने क्षेत्र के नागरिकों को भी शुभारम्भ कार्यक्रम में आमंत्रित किया।

पार्षद शरद ने कहा कि नगर निगम की परियोजना का लाभ उनके क्षेत्र के हर एक नागरिक को होगा, उसके लिए शुभारंभ कार्यक्रम में क्षेत्र के सभी बंधु, माता, बहनों को आमंत्रित किया गया। वी.डी.ए. कालोनी, बडी गैबी में कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों की भागीदारी भी रही। सभी का तहेदिल से धन्यवाद है।

क्षेत्र के नागरिक अनिल कुमार ने बताया कि मुझे खुशी हुई जो पार्षद ने आमंत्रण पत्र के माध्यम से उन्हें परियोजना के शुभारम्भ कार्यक्रम में बुलाया। वह अपने साथ में पड़ोस के लोगों को भी लेकर कार्यक्रम में शामिल हुए। परियोजना से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा। बता दे कि 103 करोड़ रुपये की लागत की परियोजना के भव्य शुभारम्भ के अवसर पर महापौर अशोक तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारियों की उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद