फर्रुखाबाद : अंतरराष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस पर बच्चों ने वृद्धों की सेवा का लिया संकल्प
फर्रुखाबाद, 01 अक्टूबर (हि.स.)।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित वृद्धाश्रम मोहम्मदाबाद में सेवा संकल्प के तहत आयोजित कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य मिथिलेश अग्रवाल सम्मिलित हुई ।
मिथिलेश अग्रवाल , मंडल अध्यक्ष कायमगंज महेंद्र राजपूत एवं ज़िला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी द्वारा दीप प्रज्जवलन करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया । इसके पश्चात इनके द्वारा वृद्धों को कपड़े , फल एवं मिष्ठान्न वितरित किए गए। बच्चों की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए बुजुर्गों की भावनाओं को सम्मान देने और सेवा करने की प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा वृद्धों को प्रोत्साहित करते हुए कहा गया कि स्वयं को योग, लेखन , गीतों के माध्यम से व्यस्त रखें एवं खुश रहें और जीवन का आनंद लें ।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के बच्चों द्वारा भावपूर्ण ढंग से “दादा दादी को पत्र” लिखे गए जिनका वाचन बच्चों द्वारा वृद्धों के सम्मुख किया गया तथा सेवा का संकल्प लिया गया ।जिसमें बच्चों द्वारा अत्यंत ढंग से पीढ़ीगत अंतर को पाटने का प्रयास किया गया तथा वृद्धों को विश्वास दिलाया गया कि हम सब उनका परिवार हैं ।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम संचालक एवं अधीक्षक मौजूद रहे। ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर