मीरजापुर: ग्रामीणों को मिली न्याय और सरकारी योजनाओं की जानकारी

 


- हलिया में पहली बार लगा सशक्तीकरण शिविर व विशेष लोक अदालत

मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को हलिया विकास खंड मुख्यालय पर पहली बार सशक्तीकरण शिविर एवं विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। आकांक्षी एवं पिछड़े विकास खंड हलिया में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मनु कालिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम) राहुल कुमार सिंह, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश संतोष गौतम तथा मीडिएशन सेंटर के वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे।

विशेष लोक अदालत में ग्राम न्यायालय लालगंज से संबंधित 377 तथा वन विभाग के 70 मामलों का पंजीकरण किया गया। न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को त्वरित, सस्ता और सौहार्दपूर्ण न्याय उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।

मुख्य अतिथि डॉ. मनु कालिया ने कहा कि जागरूकता के अभाव में अनेक लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। न्याय जनता के द्वार अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही सरल और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने किसानों को मौसम विभाग के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए कम वर्षा की संभावना के मद्देनजर बाजरा, मक्का सहित कम पानी वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी आरूषि मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, रेंजर हलिया संतोष कुमार राय, वार्डेन अरविंद द्विवेदी, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा