विधायक ने सेनेटरी पैड यूनिट व विंध्य मार्केट का किया शुभारंभ,महिलाओं को मिलेगा रोजगार
मीरजापुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया विकासखंड के भटवारी गांव में सेनेटरी पैड निर्माण इकाई तथा गोरगी गांव में विंध्य मार्केट का बुधवार को उद्घाटन छानवे विधायक रिंकी कोल ने फीता काटकर किया। दोनों योजनाओं के शुरू होने से यहां महिलाओं को रोजगार मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बनेंगी।
विधायक ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लगभग साढ़े सात लाख रुपये की लागत से सेनेटरी पैड मशीन स्थापित की गई है, जबकि करीब साढ़े छह लाख रुपये से भवन का निर्माण कराया गया है। क्रांति स्वयं सहायता समूह के माध्यम से विद्यालयों, कस्बों व आसपास के गांवों की महिलाओं को सस्ते दर पर सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे।
बीडीओ विजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक के पिछड़े क्षेत्र गोरगी में विंध्य मार्केट स्थापित होने से आसपास के ग्रामीणों को आटा, दाल, तेल, चीनी, साबुन सहित अन्य गृह उपयोगी सामान उचित मूल्य पर मिलेंगे। इससे समूह की महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रामीणों को शुद्ध व सस्ता सामान उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव, सचिव कौशलेंद्र राय, ग्राम प्रधान राजेश मौर्य, रमेश मौर्य, लालजी मास्टर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा