राज्यमंत्री ने चुनार में उप निबंधक कार्यालय के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण

 


मीरजापुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चुनार स्थित उप निबंधक कार्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण शुक्रवार को (स्वतंत्र प्रभार) स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग रविंद्र जायसवाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर फीता काटकर और शिलापट का अनावरण कर किया। इस अवसर पर विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह, पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि विभाग में पूर्व में जो कमियां थीं, उन्हें दूर करने का प्रयास किया गया है। यदि अभी भी कहीं कमी है तो अधिवक्ताओं के सहयोग से उसे भी शीघ्र दूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे में आने वाली समस्याओं को देखते हुए गिफ्ट डीड के स्टांप शुल्क को घटाकर मात्र 5000 रुपये कर दिया है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। साथ ही महिलाओं के नाम पर पंजीयन में 10 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि पहले प्रदेश को लगभग 11 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता था, जो अब बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये हो गया है। नवनिर्मित भवन की अनुमानित लागत 2.28 करोड़ रुपये थी, जबकि निर्माण कार्य 2.17 करोड़ रुपये में पूर्ण कराया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त) अजय सिंह, तहसीलदार इवेंद्र कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा