चुनार में नव निर्मित न्यायालय भवन का उद्घाटन, वर्चुअल कार्यक्रम से जुड़े उच्च न्यायालय प्रयागराज के मुख्य न्यायाधीश
मीरजापुर, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चुनार में नव निर्मित दो मंजिला वाह्य न्यायालय भवन का मंगलवार शाम वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया गया। उच्च न्यायालय प्रयागराज के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने प्रयागराज से वीसी के जरिए भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर चुनार न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश विकास बुधवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि नए भवन के शुरू होने से अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त न्यायालय में कार्य होगा, जिससे अधिवक्ताओं, वादकारियों और न्यायिक कर्मियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
करीब 6.2 एकड़ भूमि पर लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से बने इस न्यायालय भवन के उद्घाटन से स्थानीय अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही अन्य न्यायालय भी यहां स्थानांतरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में जनपद एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्र, सीजेएम व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पल्लवी, सिविल जज (जूडि) ज्ञानेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, सीओ मंजरी राव सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा