आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन, ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात
मीरजापुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में चुनार तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बगही में सोमवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विधिवत उद्घाटन विधायक चुनार अनुराग सिंह ने किया। इस अवसर पर गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक अनुराग सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के शुरू होने से अब ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही गांव में आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे इलाज के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी और समय के साथ-साथ खर्च की भी बचत होगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने नेत्रदाता परिवार को सम्मानित कर समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही पंचायत भवन स्थित पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे छात्रों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
विधायक ने ग्राम सभा में जर्जर सड़कों के निर्माण को लेकर जल्द कार्य कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने पुस्तकालय के विस्तार के लिए पंचायत भवन के समीप नए भवन निर्माण की घोषणा भी की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रेशू पटेल, डॉ. राकेश पटेल (प्रभारी चिकित्सा अधिकारी चुनार), ज्योति प्रकाश सिंह (पूर्व सभासद), प्रधान प्रतिनिधि अनुराग सिंह, विधायक प्रतिनिधि आलोक सिंह, सत्येंद्र सिंह, एड. मेजर बीके सिंह, श्रवण सिंह, बाबू नंदन सिंह आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा