अवैध खनिज परिवहन से अर्जित 04.18 करोड़ की संपत्ति जब्त

 


सोनभद्र, 14 नवंबर (हि.स.)। चोपन थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गिट्टी एवं बालू जैसी खनिज सम्पदा के परिवहन से अर्जित धनराशि से क्रय की गई 03 अभियुक्तों की कुल चार करोड़ अठारह लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को बताया कि थाना चोपन पुलिस द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गिट्टी एवं बालू जैसी खनिज सम्पदा के परिवहन से अर्जित धनराशि से क्रय की गई तिन अभियुक्तों की कुल 4,18,00,000/- (चार करोड़ अठारह लाख रुपये) की चल-अचल संपत्ति आज दिनांक 14.11.2026 को कुर्क की गई।

चोपन थाना पर गैंगस्टर एक्ट से संबंधित तिन अभियुक्तगण आरिफ खान पुत्र निजामुद्दीन निवासी ग्राम परही, थाना रॉबर्ट्सगंज, अखिलेश केशरी पुत्र संजय केशरी निवासी वैनी, थाना रायपुर और छोटू यादव पुत्र संकठा प्रसाद यादव निवासी मारकुण्डी थाना चोपन की कुल 4,18,00,000 रुपये की संपत्ति कुर्क किया गया है। उक्त अभियुक्तगण द्वारा बिना वैध परमिट के गिट्टी एवं बालू जैसी खनिज सम्पदा का अवैध परिवहन कर आपराधिक गतिविधियों से अवैध धन अर्जित किया गया तथा उक्त धनराशि से अपने एवं परिजनों के नाम पर विभिन्न ग्रामों में चल-अचल संपत्तियां क्रय की गई थीं। पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्की की कार्रवाई हेतु संबंधित रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को प्रेषित किया था। जिला मजिस्ट्रेट ने इस मामले में आदेश जारी किया। उक्त आदेशों के अनुपालन में आज दिनांक 14.11.2026 को तीनों अभियुक्तों की कुल वर्तमान कीमत 4,18,00,000 रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क की गई। पुलिस टीम ने आरिफ खान की 1,43,00,000 की संपत्ति व अखिलेश केशरी की 1,25,00,000 की संपत्ति और अभियुक्त छोटू यादव की 1,50,00,000 रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी