फर्रुखाबाद: पति ने पत्नी को उफनती गंगा नदी में फेंका, महिला ने तैर कर बचाई जान

 


फर्रुखाबाद,13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में गुरुवार को कमालगंज थाना क्षेत्र प्रेम विवाह के बाद जिस पति के साथ जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, उसी पत्नी को उफनती गंगा में धक्का देने का गंभीर आरोप लगा है। गंगा की तेज धार के बीच महिला ने तैर कर किसी तरह अपनी जान बचाई और किनारे तक पहुंची।

जानकारी के मुताबिक, थाना कम्पिल क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर निवासी सुमन (२५) का विवाह हरजीत के साथ हुआ था। आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व उसने अपने पहले पति को छोड़कर नीव करोरी निवासी रामू राजपूत से प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद दोनों पांचाल घाट पर किराये का कमरा लेकर साथ रहने लगे। बताया गया कि रामू ने सुमन से कहा कि वह नौकरी के सिलसिले में दिल्ली जा रहा है और उसे रिश्तेदारी में छोड़ देगा। आरोप है कि इसके बाद रामू अपनी पत्नी को बाइक पर बैठाकर एक रिश्तेदार के साथ निकला। दोनों चाचूपुर होते हुए कमालगंज क्षेत्र स्थित गंगा पुल पर पहुंचे। जहां गंगा पुल पर पहुंचने के बाद रामू ने पत्नी सुमन को उफनती गंगा में धक्का दे दिया। अचानक नदी में गिरने के बाद महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही लेकिन हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह तैरकर गंगा किनारे पहुंच गई।

इसी दौरान कुछ लोगों की नजर गंगा किनारे बदहवास हालत में पड़ी महिला पर पड़ी। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा।

थानाध्यक्ष रामसहाय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महिला के आरोपों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar