पति पर घर जलाने का आरोप, पत्नी-बच्चे बाल-बाल बचे

 


मीरजापुर, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जिगना थाना क्षेत्र के बघेड़ा खुर्द गांव की दलित बस्ती में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी और पांच बच्चों को जिंदा जलाने के इरादे से रिहायशी मड़हे में आग लगा दी। हालांकि, पत्नी और बच्चे किसी तरह आग की लपटों से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

पीड़िता पूजा देवी के अनुसार, वह अपने बच्चों अंजली (14), अनुराग (10), दीपांशु (6) और शिवांश (3) के साथ मड़हे में सो रही थीं। रात करीब नौ बजे अचानक आग लग गई। किसी तरह बच्चों को लेकर बाहर निकलने के बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मड़हा जलकर राख हो चुका था।

आग में साइकिल, चारपाई, बिस्तर, बर्तन, अनाज समेत पूरा गृहस्थी का सामान जल गया। साथ ही अमरूद के दो पेड़ भी झुलस गए। घटना के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया।

पीड़िता ने बताया कि पति अक्सर नशे में मारपीट करता है और आरोप-प्रत्यारोप लगाता रहता है। घटना के बाद परिवार के सामने खाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने जांच कर तहरीर देने की सलाह दी। थाना प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्राम प्रधान बांके बिहारी मिश्र ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा