मानदेय पर फैसला नहीं हुआ तो 17 नवंबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

 


मीरजापुर, 04 नवंबर (हि.स.)। नियमित मानदेय की मांग पूरी नहीं होने से पैरावेट, पशुमित्र, मैत्री और लेमैन इन्सेमिनेटर कर्मचारियों का आंदोलन तेज होने के आसार हैं। बुधवार को कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि 12 नवंबर तक मांग पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो 17 नवंबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।

कर्मचारियों ने बताया कि नियमित मानदेय की मांग को लेकर सात सितंबर को पशुपालन निदेशालय परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की गई थी। आठ सितंबर को निदेशक प्रशासन एवं विकास ने जल्द निर्णय लेने का लिखित आश्वासन दिया था। इसके बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया। मांग पूरी नहीं होने पर 13 और 14 अक्तूबर को लखनऊ के ईको गार्डेन में दोबारा भूख हड़ताल की गई। उसी दिन अपर मुख्य सचिव ने भी अक्तूबर में निर्णय लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी कोई फैसला नहीं हुआ। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है। संगठन ने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। नियमित मानदेय पर ठोस निर्णय लिया जाए।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर 17 नवंबर से प्रदेशभर के कर्मचारी पशुपालन निदेशालय से जीपीओ पार्क तक पदयात्रा निकालेंगे और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। प्रदर्शन में शिवकुमार, आदित्य, अवनीश कुमार, राजू, सर्वेश, विपिन, सुमित, जयशंकर, अमित और अजय आदि शामिल रहे।

--------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा