वाराणसी में नमो घाट पर मेगा एयर शो में उमड़ा हुजूम, दिखा जबरदस्त उत्साह

 


वाराणसी, 25 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी में नमो घाट पर आयोजित मेगा एयर शो को देखने पहुंचें गांव व शहर के लोगों को जहां यातायात साधनों ई रिक्शा, ऑटो टैंपो के मुख्य मार्ग पर रोक दिये जाने से असुविधा हुई, वहीं उनके उत्साह में कहीं पर कमी नहीं दिखी। नमो घाट के आसपास लोगों का हुजूम उमड़ा रहा और यही हालात अन्य घाटों पर भी देखने को मिला। नमो घाट के दूसरी छोर डोमरी के खुले घाट पर हजारों ग्रामीण लोगों की मौजूदगी रही। जिन्होंने एयर शो का भरपूर आनंद उठाया।

मेगा एयर शो के दूसरे पाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर आने के बाद नमो घाट एक्सटेंशन पर एकत्रित लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दर्शक पंक्तियों में बैठे लोगों ने मोदी-मोदी के नारे भी लगाए। वाराणसी के लंका क्षेत्र से नमो घाट पर आए आशीष ने कहा कि आकाश में रोमांच को देखते हुए उनके मन और मस्तिष्क में नई ऊर्जा आ गई है। यह उनके जीवन का सुनहरा अवसर है। जब वह इतने नजदीक से लड़ाकू विमान को एक साथ उड़ता हुआ देख रहे हैं।

नमो घाट पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के महानगर मीडिया प्रभारी परमिल पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब-जब वाराणसी आते हैं, यहां के स्थानीय लोगों का प्यार उन्हें मिलता ही है। हमारे प्रधानमंत्री मोदी भी काशी की जनता से उतना ही प्रेम करते हैं। यही कारण है, आज एयर शो देखने के साथ-साथ प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए भी लोग आए हैं।

रोहनिया से परिवार के सहित नमो घाट आए अजय पटेल ने कहा कि चौकाघाट तिराहे से नमो घाट तक किसी भी यातायात संसाधन की सुविधा नहीं होने के कारण उनको परिवार के साथ पैदल आना पड़ा है। इस दौरान उनका वाहन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में उन्होंने खड़ा कर दिया था। पैदल चलते हुए परिवार के सदस्यों को थोड़ी कठिनाई हुई है, फिर भी एयर शो देखकर शरीर की थकान कम हो गई है।

कज्जाकपुरा निवासी मनोज गुप्ता ने कहा कि गुरु यही बनारस है। यहां प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद लोगों में ऐसा उत्साह था कि पैदल चलते हुए जो थकान थी, हवा में उड़ गई। मजा आ गया, जमीन से लेकर आकाश तक गर्दन घुमाते रहे और जलवा देखते रहे।

वहीं, नमो घाट पर एयर शो के दौरान सड़क पर भीड़ संभालते हुए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों ने भी जमकर मेहनत किया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में तीन दिवसीय एयर शो के अंतिम दिन के कार्यक्रम को पुलिसकर्मियों ने अपनी सूझबूझ के साथ सकुशल संपन्न कराया। चौकाघाट से नमो घाट तक जगह-जगह लोगों को रोकते हुए पुलिसकर्मियों ने उन्हें आवश्यक सहयोग भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद