होटल इंडस्ट्री से जुड़े उद्यमियों की मदद के लिए योगी सरकार ने टूरिज्म गाइडलाइंस को किया सरल : अवनीश अवस्थी

 


वाराणसी, 22 अगस्त (हि. स.)। फेडरेशन ऑफ होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया ( एफएचआरएआई ) के 56 वें वार्षिक अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को नदेसर स्थित होटल ताज गैंगेज में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि पर्यटन में देशभर में सबसे बड़ी ग्रोथ उत्तर प्रदेश ने ही हासिल की हैं, पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा पर्यटकों वाले शहर में काशी और अयोध्या का शामिल होना भी हमारे लिए गौरव का क्षण हैं। होटल इंडस्ट्री से जुड़े हुए उद्यमियों को मदद मिले इसके लिए प्रदेश सरकार ने टूरिज्म गाइडलाइंस को सरल किया है। इसके साथ ही हम वेलनेस टूरिज्म को और बढावा देने पर काम कर रहे हैं जिसका परिणाम भी सकारात्मक दिख रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने कहा की भारत ने बीते एक दशक में पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व उन्नति की है, जहाँ मात्र 74 एयरपोर्ट से आज 170 एयरपोर्ट हो गए है, हाइवे की कनेक्टिविटी ने पर्यटन को बढ़ाने में खासा सहयोग किया है। अभी अर्थव्यवस्था में पर्यटन का मात्र 5-6 फीसदी ही योगदान है,यदि इसे 30-35 फीसदी तक पहुंचा दिया गया तो देश दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा। सम्मेलन में उतर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजीत ने प्रदेश के पर्यटन पर पावर पॉइंट प्रजेंटेशन भी दिया।

प्रमुख सत्र में उपस्थित दोनों अतिथियों का स्वागत एफएचआरएआई के अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल एवं धन्यवाद आयोजन सचिव गरिश ओबेरॉय ने दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद