काशी की लोकगायिका सरोज वर्मा को मिला कौस्तुभ रत्न सम्मान
वाराणसी, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद (काशी) की वरिष्ठ लोकगायिका सरोज वर्मा को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संगीत एवं मंच कला संकाय की ओर से प्रतिष्ठित कौस्तुभ रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान तीन दिवसीय लोकगीत कार्यशाला लोक के रंग (भोजपुरी लोकसंगीत में वैविध्या) के समापन अवसर पर बीएचयू के पंडित ओंकारनाथ ठाकुर सभागार में साेमवार काे आयोजित समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
संगीत, मंच कला संकाय द्वारा स्थापित कौस्तुभ रत्न सम्मान के माध्यम से देश के उन प्रतिष्ठित कलाकारों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अपनी कला के जरिए भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसी श्रृंखला में इस वर्ष सरोज वर्मा को भी इस सम्मान से अलंकृत किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सरोज वर्मा ने कहा कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संगीत संकाय के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्यशाला में भाग लिया। विद्यार्थियों ने लगभग शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ कार्यशाला में सहभागिता की और समापन समारोह में कार्यशाला के दौरान सीखे गए लोकगीतों की अत्यंत सुंदर प्रस्तुति भी दी।
सरोज वर्मा ने कहा कि युवा पीढ़ी का लोकसंगीत के प्रति यह लगाव इस बात का संकेत है कि यदि इसी प्रकार लोकगीतों के संरक्षण और संवर्धन के प्रयास जारी रहे, तो हमारी लोकसंगीत परंपरा कभी विलुप्त नहीं होगी और इनका भविष्य अत्यंत उज्ज्वल रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद