देश का सबसे बड़ा शहद उत्पादक राज्य है उत्तर प्रदेश:दिनेश प्रताप सिंह

 


रायबरेली,16जून(हि.स.)।उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा शहद उत्पादक राज्य बनकर उभरा है। ऐसे में किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर शहद के वैल्यू एडिशन (मूल्य संवर्धन) और आधुनिक प्रोसेसिंग इकाइयों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।ये बातें प्रदेश के उद्यान व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कहीं । राज्य मंत्री मंगलवार को रायबरेली में केंद्र सरकार के 12 वर्ष, उत्तर प्रदेश सरकार के 9 साल विश्वास के तथा उद्यान विभाग के 51 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा किसानों को उत्पादन तक सीमित न रखकर किसानों को तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण तथा प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि रायबरेली के शिवगढ़ ब्लॉक में 10.5 करोड़ की लागत से शहद उत्कृष्टता केंद्र (हनी एक्सीलेंस सेंटर) की स्थापना की गई है। यह केंद्र शहद उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि रायबरेली जनपद में दो बड़ी मंडियों, 18 छोटी मंडियों तथा गुरु गोविंद सिंह पार्क सहित लगभग 43 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

गोष्ठी में औद्यानिकी क्षेत्र के आधुनिकीकरण, किसानों की आय दोगुनी करने और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे