रायबरेली : होमगार्ड की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की तबियत बिगड़ी, जिला अस्पताल में चल रहा है इलाज़
रायबरेली, 15 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में मंगलवार को होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गयी। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेज़ गर्मी व उमस के बीच दोपहर को अभ्यर्थी अपनी शारीरिक दक्षता परीक्षा पीएसी के मैदान में दे रहे थे।जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे व हाल चाल जाना।
रायबरेली में मंगलवार को 25वीं बटालियन पीएसी मैदान में होमगार्ड की शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही थी। तेज़ गर्मी व उमस के बीच कई अभ्यर्थी अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक इससे अफरा-तफ़री मच गई, जिसके बाद मैदान पर तैनात मेडिकल टीम ने प्रभावित अभ्यर्थियों को प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि कुछ युवाओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉ पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार सभी भर्ती अभ्यर्थियों की हालत स्थिर बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि लिखित परीक्षा पास करने के बाद क़रीब 300 अभ्यर्थियों की शरीरिक दक्षता परीक्षा हो रही थी, इसमें उन्नाव, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर व रायबरेली के अभ्यर्थी शामिल थे। बीमार होने वाले अभ्यर्थियों में आदित्य, अश्वनी, प्रियांशु, संजय, आशीष कोरी, विष्णु मौर्य, मो सलमान खान आदि हैं व सभी प्रतापगढ़ के रहनेवाले हैं। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के अनुसार सभी अभ्यर्थियों की हालत ठीक है और तेज गर्मी व धूप से कुछ अभ्यर्थियों को दौड़ने में दिक्कत हुई थी लेकिन डॉक्टरों की टीम देख-रेख कर रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे