यूपी होमगार्ड्स परीक्षा के दूसरे दिन 19 केंद्रों पर शुरू, दो पालियों में 16,800 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

 




जौनपुर,26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों के लिए लिखित परीक्षा रविवार को दूसरे दिन शुरू हो गई है। जिले के 19 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर कुल 16,800 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा 27 अप्रैल तक जारी रहेगी, जिसके लिए प्रशासन ने नकल विहीन आयोजन की पूरी तैयारी की है।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 8,400 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस मामले में जानकारी देते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी चालू रखे गए हैं।

नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य परीक्षा सहायकों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को तीन स्तरीय सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने मुख्य चिकित्साधिकारी और सभी केंद्र व्यवस्थापकों को गर्मी के मद्देनजर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए थे। सुबह से ही तेज धूप को देखते हुए, दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए हर परीक्षा केंद्र पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बोर्ड के नियमों के अनुसार ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाए।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव