वर्दी पहन बरगद के पेड़ पर चढ़ा होमगार्ड, आधे घंटे तक हलकान रही पुलिस

 


- मड़िहान थाने के सामने नशे में किया हंगामा, काफी समझाने पर नीचे उतरा

- होमगार्ड के खिलाफ दस दिन पहले भी दर्ज हुआ था मुकदमा

मीरजापुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जिस वर्दी में अनुशासन और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया जाता है, उसी वर्दी में एक होमगार्ड रविवार को मड़िहान थाने के सामने बरगद के पेड़ पर चढ़ गया। कथित तौर पर नशे में धुत होमगार्ड की इस हरकत से पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। करीब आधे घंटे तक उसे नीचे उतारने के लिए पुलिसकर्मी मान-मनौव्वल करते रहे। काफी मशक्कत के बाद वह नीचे उतरा तो पुलिस ने राहत की सांस ली।

दारानगर गांव निवासी अरुण यादव होमगार्ड है। इन दिनों उसकी ड्यूटी अहरौरा थाना क्षेत्र में लगी हुई है। रविवार को वह वर्दी पहनकर मड़िहान थाने के सामने पहुंचा और बरगद के पेड़ पर चढ़कर हंगामा करने लगा। अचानक पेड़ पर वर्दीधारी होमगार्ड को चढ़ा देख पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। उसे नीचे उतरने के लिए कहा गया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक उसे समझाया। करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

होमगार्ड का विवादों से पुराना नाता बताया जा रहा है। करीब दस दिन पहले दूसरे के खेत की जुताई करने के आरोप में उसके खिलाफ मड़िहान थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। अब थाने के सामने वर्दी में पेड़ पर चढ़कर हंगामा करने की घटना से उसकी कार्यशैली एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

इंस्पेक्टर नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि होमगार्ड की अनुशासनहीनता के संबंध में रिपोर्ट होमगार्ड विभाग को भेजी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा