होलिका में ‘टैरिफ वार’ की थीम, प्रधानमंत्री मोदी का ‘पुष्पा’ अवतार बता दिया सशक्त भारत का संदेश

 




कानपुर, 02 मार्च (हि.स.)। होली के पर्व पर सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की अनोखी मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के लाटूश रोड इलाके में वर्ष 1962 से चली आ रही परंपरा के तहत इस बार भी विशेष थीम पर होलिका दहन की तैयारियां की गई हैं। हर वर्ष सामाजिक, सांस्कृतिक और समकालीन मुद्दों को विषय बनाकर होलिका सजाने की इस परंपरा ने क्षेत्र को विशिष्ट पहचान दिलाई है। यही वजह है कि होली के मौके पर लाटूश रोड में देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग इस अनूठी प्रस्तुति को देखने पहुंचते हैं।

इस वर्ष नुक्कड़ सोसायटी की ओर से “टैरिफ वार” को केंद्र में रखते हुए होलिका का प्रांगण सजाया गया है। आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिल्मी किरदार ‘पुष्पा’ की प्रतीकात्मक छवि में दर्शाया गया है। उन्हें भगवा परिधान में, दाहिने हाथ को दाढ़ी पर टिकाए आत्मविश्वासपूर्ण मुद्रा में प्रस्तुत किया गया है। इस रचना के माध्यम से आयोजकों ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि वैश्विक दबावों और आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत अपने राष्ट्रीय हितों को लेकर दृढ़ रुख रखता है।

प्रांगण में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी प्रतीकात्मक पुतला लगाया गया है, जिसे वैश्विक व्यापार नीति और टैरिफ विवादों के संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है। आयोजकों का कहना है कि यह प्रस्तुति किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी से अधिक समकालीन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को रचनात्मक रूप में सामने रखने का प्रयास है।

आयोजन मंडल के सदस्य उमेश कश्यप ने सोमवार को बताया कि वैश्विक स्तर पर टैरिफ और व्यापारिक दबावों को लेकर जो स्थितियां बनीं, उन्हें आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचाने के उद्देश्य से यह थीम चुनी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘पुष्पा’ का प्रतीकात्मक शीर्षक इसलिए दिया गया है ताकि यह संदेश जाए कि देश के हितों के सवाल पर भारत का नेतृत्व दबाव में झुकने वाला नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लाटूश रोड की यह परंपरा अब केवल होलिका दहन का आयोजन नहीं रह गई है, बल्कि सामाजिक विमर्श का एक रचनात्मक मंच बन चुकी है। बड़ी संख्या में लोग आयोजन स्थल पर पहुंच रहे हैं, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप