होलिका दहन की लकड़ी हटने से सड़क पर उतरे लोग, नायब तहसीलदार ने समझाया

 


वाराणसी, 01 मार्च (हि. स.)। वाराणसी में राजातालाब के बड़ौरा गांव में होलिका दहन के लिए सजायी गई की लकड़ी हटने के बाद स्थानीय लोग सड़क पर आ गए। माहौल के बिगड़ने से पहले नायब तहसीलदार दीपाली ने मौके पर पहुंच कर लोगों का गुस्सा शांत कराया। स्थानीय लोगों ने नायब तहसीलदार से कहा कि बीते 50 वर्षों से उनके गांव में होलिका दहन होती आ रही है। रविवार को सड़क चौड़ीकरण कार्य होने के कारण एनएचआई के जेसीबी चालक ने होलिका की लकड़ी हटाकर बगल में फेंक दिया।

इस पर नायब तहसीलदार दीपाली ने कहा कि होलिका दहन अपने तय स्थान पर ही होगा। जो निर्माण कार्य कराया जा रहा है, उसे फिलहाल के लिए रोका जाता है। शेष निर्माण कार्य को होली बाद कराया जाएगा। परंपरागत होलिका दहन कार्यक्रम में अब कोई व्यवधान नहीं आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद