एचआईवी नियंत्रण में वाराणसी ने रचा इतिहास, प्रदेश में प्रथम स्थान के साथ मिला ‘सुरक्षित’ जिले का दर्जा

 




—जारी रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के छह जिलों में वाराणसी अव्वल

वाराणसी,27 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद वाराणसी ने एचआईवी/एड्स नियंत्रण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए ‘सुरक्षित’ जिले का दर्जा प्राप्त किया है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा जारी रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के कुल छह जिलों को शामिल किया गया है, जिसमें वाराणसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। शुक्रवार को यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि जिले में एचआईवी/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध जांच एवं उपचार, एआरटी सेवाओं से मरीजों के बेहतर जुड़ाव, वायरल लोड की नियमित निगरानी तथा स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

जनपद की इस उपलब्धि में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा नामित अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता के मार्ग निर्देशन एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय के नेतृत्व में संचालित राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम में कार्य कर रहे अधिकारियों, चिकित्सकों,परामर्शदाताओं, तकनीकी कर्मचारियों एवं सामुदायिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि केवल किसी रैंकिंग या श्रेणी तक सीमित नहीं है, बल्कि एचआईवी के प्रति जागरूक समाज, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तथा प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर जांच, परामर्श एवं उपचार पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ‘सुरक्षित’ जनपद का दर्जा प्राप्त करना वाराणसी के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह सफलता सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगी संस्थाओं एवं समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा एचआईवी कार्यक्रम की प्रगति एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए 95-95-95 के मूल मानकों के आधार पर जिलों की स्थिति का आकलन किया जाता है। इन मानकों में एक मानक प्राप्त करने पर जनपद को संघर्षशील, दो मानक प्राप्त करने पर सक्षम तथा तीनों मानक प्राप्त करने पर सुरक्षित की श्रेणी में रखा जाता है।

उन्होंने बताया कि प्रथम 95 का अर्थ है कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा अनुमानित एचआईवी पॉजिटिव जनसंख्या के कम से कम 95 प्रतिशत लोगों को अपने एचआईवी स्टेटस की जानकारी हो। द्वितीय 95 के अंतर्गत जिन लोगों को अपना एचआईवी स्टेटस ज्ञात है, उनमें से कम से कम 95 प्रतिशत लोग एआरटी से लिंक हों। वहीं तृतीय मानक के अंतर्गत एआरटी से जुड़े एवं उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों में 95 प्रतिशत का वायरल लोड सप्रेस्ड/अनडिटेक्टेबल होना अपेक्षित है।

डीटीओ ने बताया कि नियमित समीक्षा, आंकड़ों की सतत निगरानी तथा उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन से वाराणसी ने 95-95-95 के निर्धारित मानकों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जनपद में 4105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड होना इस दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है। उत्तर प्रदेश में ‘सक्षम’ घोषित होने वाला प्रथम जनपद वाराणसी था और अब ‘सुरक्षित’ श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना जिले के लिए गौरव की बात है।

सीएमओ डॉ. एन. पी. सिंह ने इस उपलब्धि के लिए कार्य में लगे अधिकारियों, चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, लैब एवं तकनीकी कर्मचारियों, सामुदायिक संगठनों, लक्षित हस्तक्षेप परियोजनाओं तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार जताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी