शरद पूर्णिमा पर कछवां में सजेगा ऐतिहासिक दंगल, 26 से 28 अक्टूबर तक राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता

 


- सौ साल से अधिक पुरानी है शरद पूर्णिमा दंगल की परंपरा

- पुरुषों के साथ महिला पहलवान भी करेंगी प्रतिभा का प्रदर्शन

मीरजापुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। कछवां नगर पंचायत स्थित ऐतिहासिक श्री सत्यनारायण सिंह अखाड़े में शरद पूर्णिमा के अवसर पर 26 से 28 अक्टूबर तक श्री मंगला राय स्मारक राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के नामी पहलवान अपनी कुश्ती का दमखम दिखाएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

श्री सत्यनारायण सिंह खेल विकास संस्थान की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता की परंपरा सौ वर्षों से भी अधिक पुरानी है। संस्थान के संरक्षक एवं पूर्व पुलिस महानिदेशक आरएन सिंह ने बताया कि स्वर्गीय सत्यनारायण सिंह ने इस ऐतिहासिक दंगल की शुरुआत की थी। तब से शरद पूर्णिमा पर आयोजित होने वाली यह परंपरा लगातार जारी है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी। इसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों के निर्धारित भार वर्गों में पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से कुश्ती के पारंपरिक गौरव को आगे बढ़ाने के साथ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

आयोजन को सफल बनाने के लिए संरक्षक मंडल में अश्वनी कुमार सिंह, एनआर पटेल, राम कुमार सिंह और हृदयनारायण सिंह सहित उत्तर पेशी में रमाशंकर सिंह व वंशराज यादव की टीम तैयारियों में जुटी है।

संस्थान की सचिव एवं प्रबंधक शशि सिंह ने खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों से प्रतियोगिता में शामिल होकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा