रिफाइनरी में हुआ हिंदी कार्यशाला एवं प्रतियोगिता का आयोजन
मथुरा, 09 सितम्बर (हि.स.)। राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मथुरा रिफाइनरी द्वारा बुधवार नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति मथुरा के तत्वावधान में सदस्य कार्यालयों और मथुरा रिफाइनरी के लिए एक विशेष हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत इंडियन ऑयल के राजभाषा गीत के साथ हुई।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मथुरा रिफाइनरी के महाप्रबंधक (कर्मचारी सेवाएँ) अभिनव गोस्वामी, मुख्य प्रबंधक (कर्मचारी सेवाएँ) एम.के. उपाध्याय और वरिष्ठ प्रबंधक (सीसी, सीएसआर) विवेक शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्वागत संबोधन देते हुए महाप्रबंधक (कर्मचारी सेवाएँ) अभिनव गोस्वामी ने कहा कि राजभाषा हिंदी हमारे प्रशासनिक कार्यों को सरल, सुगम और प्रभावी बनाने का एक सशक्त माध्यम है। यह केवल अभिव्यक्ति का साधन नहीं, बल्कि हमें हमारी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी भी है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में तकनीकी उपकरणों के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का प्रयोग और अधिक सहज हो गया है। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य केवल नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि कार्यालयों में हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग को बढ़ावा देना है।
प्रथम सत्र में दीपक कुमार साह, वरिष्ठ अधिकारी (हिंदी व सीएसआर) ने कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के नियम-अधिनियमों के अनुपालन और हिंदी समन्वयकों की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। द्वितीय सत्र में कार्यशाला के दूसरे चरण में काहूत (केएएचओओेटी) के माध्यम से “लाइव हिंदी प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। इस दौरान नराकास, मथुरा की वार्षिक पत्रिका “ब्रज रश्मि” के रचनाकारों को प्रतिभागिता पुरस्कार प्रदान किए गए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार