मीरजापुरः चुनार में 140 सहायिकाओं को मिली नई पहचान, गांव-गांव पहुंचेगी पोषण की मुस्कान

 


मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। चुनार तहसील सभागार में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में नवचयनित 140 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्तिपत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि विधायक अनुराग सिंह ने चयनित सहायिकाओं को नियुक्तिपत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विधायक अनुराग सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण तथा उनके रोजगार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नवचयनित सहायिकाओं से अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को तहसीलदार इवेंद्र कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी सीखड़ डॉ. नीलू मिश्रा, नारायणपुर की सीडीपीओ रेनू पांडेय तथा जमालपुर की सीडीपीओ रीता कुशवाहा ने भी संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाएं छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्हें बच्चों को केंद्र तक लाने, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, टीकाकरण तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में सीखड़ विकासखंड की 17, नारायणपुर की 50 तथा जमालपुर विकासखंड की 73 नवचयनित सहायिकाओं को नियुक्तिपत्र प्रदान किए गए। नियुक्तिपत्र मिलने पर महिलाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सेवा का अवसर बताया।

सीडीपीओ ने नव नियुक्त सहायिकाओं को उनके कर्तव्यों एवं सरकारी नियमों की जानकारी देते हुए पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि आलोक सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष मंगरू साहनी, नायब तहसीलदार ज्योति सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा