स्वास्थ्य रैंकिंग में वाराणसी प्रदेश में अव्वल, आराजीलाइन, बड़ागांव और चोलापुर ब्लॉक का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
—0.77 कंपोजिट स्कोर के साथ प्रदेश के 75 जिलों में हासिल किया पहला स्थान, सी-सेक्शन प्रसव प्रबंधन और टीबी केस नोटिफिकेशन में भी शीर्ष पर रहा जिला
वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर प्रबंधन के दम पर वाराणसी ने प्रदेश की स्वास्थ्य रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड पर अक्टूबर 2026 की प्रगति के आधार पर जारी रिपोर्ट में वाराणसी ने 0.77 कंपोजिट स्कोर के साथ प्रदेश के सभी 75 जनपदों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मार्गदर्शन और सतत पर्यवेक्षण में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीबी उन्मूलन और नियमित टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन का परिणाम इस उपलब्धि के रूप में सामने आया है। शनिवार शाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने यह जानकारी दी।
सीएमओ डॉ. सिंह ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों पर बेहतर प्रदर्शन के चलते जिले को यह सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि प्रमुख संकेतकों में सी-सेक्शन प्रसव प्रबंधन और टीबी केस नोटिफिकेशन के मामले में भी वाराणसी प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।
जिले के ब्लॉकों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में शानदार प्रदर्शन किया है। अक्टूबर की रैंकिंग में आराजीलाइन ब्लॉक ने पहला, बड़ागांव ने दूसरा और चोलापुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। खास बात यह है कि चोलापुर ब्लॉक ने सितंबर माह की आठवीं रैंक से उल्लेखनीय सुधार करते हुए अक्टूबर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
सीएमओ ने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रखते हुए आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी