हाथरस में चांदी के हिसाब को लेकर घर पर पहुंचे युवकों ने की फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

 


हाथरस, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद कस्बे के चांदी के हिसाब को लेकर घर पर पहुंचे युवकों द्वारा की गई फायरिंग से दहशत पैदा हाे गयी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बिसावर के पीड़ित ने गांव के ही एक युवक और उसके साथ आए निकटवर्ती गांव के युवक के खिलाफ कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। फायरिंग की पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हाे गयी है।

गांव बिसावर निवासी मुबारक पुत्र इकराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार रात करीब 9:30 बजे गांव का एक युवक अपने साथी के साथ उसके घर पहुंचा। आरोप है कि गांव के युवक ने आते ही कहा कि उसके पास चांदी का हिसाब निकलता है। इस पर मुबारक ने किसी भी तरह का हिसाब होने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित युवक गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ता देख वह अपने घर का दरवाजा बंद कर अंदर चला गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने दहशत फैलाने की नीयत से घर के बाहर कई राउंड फायर किए। जाते समय आरोपित ने धमकी दी कि यदि वह रास्ते में कहीं मिल गया तो उसे जान से मार देगा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी रात में ही गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने दोनों आरोपिताें के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, इसकी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना